
राजनांदगांव पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 1.21 करोड़ की शेयर ट्रेडिंग ठगी का पर्दाफाश, ओडिशा से गिरोह के दो और सदस्य गिरफ्तार
राजनांदगांव। जिले की साइबर सेल और थाना सिटी कोतवाली की संयुक्त टीम ने 1.21 करोड़ रुपए की हाई-प्रोफाइल शेयर ट्रेडिंग ठगी का बड़ा खुलासा किया है। मामले में दो और आरोपियों को ओडिशा के भुवनेश्वर से गिरफ्तार किया गया है। इस प्रकार अब तक कुल 5 आरोपी पकड़े जा चुके हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने खुद को ऑनलाइन/फॉरेक्स ट्रेडिंग विशेषज्ञ बताकर एक युवा व्यापारी को फर्जी वेबसाइट के जरिए भारी मुनाफे का लालच दिया और 1,21,53,590 रुपए विभिन्न खातों में जमा कराकर ठगी को अंजाम दिया। शुरुआत में 15 हजार रुपए मुनाफा दिखाकर पीड़ित का भरोसा जीत लिया गया था।
कैसे पकड़े गए आरोपी?
शिकायत मिलने पर पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर सायबर सेल प्रभारी निरीक्षक विनय पम्मार और कोतवाली प्रभारी नंदकिशोर गौतम के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई।पहले मनी ट्रेल निकालते हुए तीन आरोपियों को मध्यप्रदेश के सिहोर और इंदौर से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में पूरे गिरोह के तार ओडिशा से जुड़े होने की पुष्टि हुई। इसके बाद टीम भुवनेश्वर पहुंची और दो और आरोपियों —
1. धर्मेन्द्र कुमार (दिल्ली)
2. राजेश मंडल (झारखंड)
को गिरफ्तार किया गया।

गिरोह का ठगी का तरीका
- आरोपी पीड़ितों को फॉरेक्स ट्रेडिंग में बड़ा मुनाफा देने का झांसा देते थे।
- फर्जी वेबसाइट और टेलीग्राम के जरिए संपर्क बनाए रखते थे।
- कमीशन और निवेश के नाम पर लगातार पैसों की मांग करते थे।
- बैंक खाताधारकों के मोबाइल में .APK ऐप इंस्टॉल कराते, जिससे ओटीपी और मैसेज सीधे साइबर गैंग तक पहुंचता था।
- आरोपी बैंक खाताधारकों को होटल में नजरबंद कर रखते थे और एटीएम/चेकबुक अपने पास रखते थे।
- प्रति बैंक खाता इन्हें 20–25 हजार रुपए USDT (क्रिप्टो) में कमीशन मिलता था।
रंगे हाथों ओडिशा में पकड़े गए आरोपी
धर्मेन्द्र और राजेश भुवनेश्वर में एक बैंक खाता लेयर-01 के रूप में कमीशन में खरीदकर ठगी के लिए उपयोग कर रहे थे। पुलिस ने छापेमारी कर इन्हें मोबाइल, एटीएम कार्ड और अन्य दस्तावेजों के साथ पकड़ा। सभी आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त सबूत मिलने पर उन्हें 3 दिसंबर 2025 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



