
ऑपरेशन निश्चय में खरोरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन आरोपी अवैध शराब समेत गिरफ्तार
रायपुर। खरोरा थाना पुलिस ने ऑपरेशन निश्चय के तहत अवैध शराब कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में कुल 120 पौवा शोले देशी मसाला शराब जब्त की है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 12 हजार रुपये बताई गई है।
पहला मामला: खीरलाल ढीढी से 62 पौवा शराब जब्त
खरोरा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर खीरलाल ढीढी (39) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक सफेद बोरी में रखे 62 पौवा शोले देशी मसाला शराब (कुल मात्रा 11.160 बल्क लीटर, कीमत लगभग 6200 रुपये) बरामद किए गए।इस मामले में अप.क्र. 803/25, धारा 34(2) आबकारी एक्ट दर्ज हुआ।

दूसरा मामला: श्रवण सोनवानी से 40 पौवा शराब बरामद
इसी कार्रवाई में पुलिस ने श्रवण कुमार सोनवानी (22) को पकड़ा। उसके पास से 40 पौवा देशी मसाला शराब (कुल 7.200 बल्क लीटर, कीमत लगभग 4000 रुपये) जब्त की गई। यह मामला अप.क्र. 804/25, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत दर्ज किया गया।
तीसरा मामला: गणेश राम नारंग से 18 पौवा शराब ज़ब्त
खरोरा थाना क्षेत्र के ग्राम भैंसा निवासी गणेश राम नारंग (59) को भी अवैध शराब रखने के आरोप में पकड़ा गया। उसके पास से 18 पौवा देशी मसाला शराब (3.240 बल्क लीटर, कीमत 1800 रुपये) जब्त हुई। यह कार्रवाई अप.क्र. 802/25, धारा 34(1) आब. एक्ट के तहत की गई।

पुलिस की कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेंद सिंह के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक (विधानसभा) वीरेन्द्र चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में, थाना प्रभारी खरोरा की टीम ने यह संयुक्त कार्रवाई की।
सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तीनों आरोपियों को अवैध शराब के साथ पकड़ा। शराब रखने संबंधी किसी भी प्रकार का वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस ने गवाहों के समक्ष शराब जप्त कर आरोपियों को गिरफ्तार किया।गिरफ्तारी की सूचना परिजनों को देने के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया गया।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



