
दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ‘ऑपरेशन विश्वास’ में 8 आरोपी गिरफ्तार, 2.5 हजार नशीली कैप्सूल बरामद
दुर्ग। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन विश्वास” के तहत दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना खुर्सीपार और पद्मनाभपुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से नशीली दवाएं बेचने वाले कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 2,415 नशीली कैप्सूल, 8 मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल, एक एक्टिवा और नगद रकम 2,410 रुपये जब्त किए हैं।
ये आरोपी गिरफ्तार
मुखबिर की सूचना पर थाना खुर्सीपार पुलिस ने आईटीआई ग्राउंड के पास घेराबंदी कर छह आरोपियों — रजनीश पांडे, विपिन जेम्स, श्याम कन्हैया विश्वकर्मा, रणजीत राम, अभिजीत साहू और अरबाज खान उर्फ बाबू — को गिरफ्तार किया। इनके पास से कुल 2,044 नशीली कैप्सूल, मोबाइल फोन, घड़ी, नकदी और मोटरसाइकिल बरामद हुई।

इसी तरह, थाना पद्मनाभपुर पुलिस ने मानस भवन के पीछे रविशंकर स्टेडियम के पास कार्रवाई कर दो आरोपियों — फैजान अहमद और साहिल कुमार यादव — को पकड़ा। उनके कब्जे से ट्रामाडोल की 45 स्ट्रिप (371 कैप्सूल), नगद राशि और एक एक्टिवा जब्त की गई।
आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा
दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में थाना खुर्सीपार और पद्मनाभपुर पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



