
कोरबा में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: 18 अवैध ईंट भट्ठों पर छापा, 9 लाख ईंटें जब्त, JCB-ट्रैक्टर सीज
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में अवैध ईंट भट्ठों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। हरदीबाजार क्षेत्र में शुक्रवार को प्रशासन की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर 18 अवैध ईंट भट्ठों को सील किया, वहीं 9 लाख अवैध ईंटें जब्त की गईं। कार्रवाई के दौरान बिजली चोरी और अवैध खनन का भी खुलासा हुआ है।

पाली एसडीएम रोहित कुमार सिंह, तहसीलदार अभिजीत राजभानु और हरदीबाजार थाना प्रभारी मृत्युंजय पांडे की संयुक्त टीम ने ग्राम सुआभोड़ी में यह कार्रवाई की। मौके से अवैध मिट्टी खनन में इस्तेमाल की जा रही JCB मशीन और ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया गया।
अवैध खनन और कोयले का इस्तेमाल उजागर
जांच में सामने आया कि हरदीबाजार निवासी राजेश जायसवाल द्वारा JCB से अवैध मिट्टी खुदाई कर ईंट भट्ठों का संचालन किया जा रहा था। इसके अलावा भट्ठों में अवैध कोयले के उपयोग की भी पुष्टि हुई, जिसे जब्त कर लिया गया है।

बिजली चोरी पर भी कसा शिकंजा
कार्रवाई के दौरान कई स्थानों पर अवैध बिजली कनेक्शन पाए गए। प्रशासन के निर्देश पर बिजली विभाग ने तत्काल कनेक्शन काटने की कार्रवाई की। जब्त की गई ईंटों को ग्राम पंचायत के सुपुर्द कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि ये ईंट भट्ठे काफी समय से अवैध रूप से संचालित हो रहे थे। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने यह सख्त कदम उठाया है। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



