
कवर्धा में बड़ा हादसा: अनियंत्रित ट्रक दफ्तर में घुसा, PCC चीफ दीपक बैज ने लोगों संग चालक की बचाई जान
कवर्धा। रायपुर–जबलपुर NH-30 पर उस समय बड़ा हादसा टल गया जब सीमेंट से भरा तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सीधे ड्राइवर संघ के कार्यालय में जा घुसा। हादसा इतना अचानक हुआ कि कार्यालय के अंदर मौजूद लोग बाल-बाल बच गए। जोरदार टक्कर के बाद ट्रक का केबिन बुरी तरह दब गया और चालक भीतर ही फंस गया।
चालक को आ गई अचानक झपकी
घटना कवर्धा थाना क्षेत्र के छिरहा गांव के पास घटित हुई। बताया जा रहा है कि मध्यप्रदेश से रायपुर की ओर जा रहे ट्रक चालक को अचानक झपकी आ गई, जिसके चलते वाहन सड़क किनारे स्थित कार्यालय की दीवार तोड़ते हुए भीतर जा घुसा।

ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त
टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक घंटों तक अंदर फंसा रहा। सूचना मिलते ही पुलिस, रेस्क्यू टीम और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। केबिन की लोहे की चादर को काटकर ट्रक चालक को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
दीपक बैज भी बचाव में शामिल हुए
इसी दौरान जिले के दौरे पर रहे छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज भी दुर्घटना स्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों के साथ rescue ऑपरेशन में शामिल हो गए। उन्होंने केबिन के पास खड़े होकर बचाव कार्य को तेज कराया और चालक को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की।
बाद में सोशल मीडिया पर दीपक बैज ने पोस्ट करते हुए बताया कि—
“घंटों की सामूहिक कोशिशों के बाद ट्रक चालक को सुरक्षित निकाला गया। सौभाग्य से उसकी जान बच गई है और वह अस्पताल में उपचार ले रहा है। वाहन सावधानी से चलाएं, अपनी और अपनों की सुरक्षा का ध्यान रखें।”घायल चालक को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वह फिलहाल उपचाराधीन है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



