
बीच समुद्र में भयानक हादसा: 280 यात्रियों से भरे जहाज में लगी आग, 5 की मौत
जकार्ता: इंडोनेशिया के उत्तरी सुलावेसी में तालिस द्वीप के पास रविवार को एक यात्री नौका में भीषण आग लगने से कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई। केएम बार्सिलोना वीए नाम का यह जहाज लगभग 280 यात्रियों को लेकर मनाडो बंदरगाह की ओर जा रहा था। आग इतनी भयावह थी कि कई यात्री जान बचाने के लिए समुद्र में कूद गए, जबकि कुछ जहाज में फंसे हुए थे। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें जहाज से उठती आग की लपटें और धुआं साफ देखा जा सकता है।
आग ने मचाया भयंकर तांडव
प्रांतीय खोज एवं बचाव कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारी वेरी अरियांटो ने बताया कि आग दोपहर करीब 1:30 बजे (स्थानीय समय) जहाज के पिछले हिस्से से शुरू हुई और तेजी से पूरे जहाज में फैल गई। नौका के ऊपरी डेक से घना काला धुआं उठता देखा गया। आग की लपटों से बचने के लिए कई यात्रियों ने समुद्र में छलांग लगा दी। कुछ यात्रियों ने चमकीले नारंगी रंग की लाइफ जैकेट पहनी थी, जिससे उनकी जान बचाने में मदद मिली।

150 से अधिक यात्रियों को बचाया गया
बचाव दल और स्थानीय मछली पकड़ने वाली नौकाओं की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लगभग 150 यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया। हालांकि, कुछ यात्रियों के जहाज में फंसे होने की आशंका है। मनाडो खोज और बचाव कार्यालय के प्रमुख जॉर्ज लियो मर्सी रंदांग ने कहा, “हमारी प्राथमिकता सभी यात्रियों को सुरक्षित निकालना है। अधिक जानकारी जल्द साझा की जाएगी।”
प्रत्यक्षदर्शी ने बयां किया खौफनाक मंजर
एक यात्री अब्दुल रहमद अगु ने फेसबुक लाइव के जरिए इस भयावह घटना को रिकॉर्ड किया। वीडियो में वह एक बच्चे को गोद में लिए समुद्र में तैरते नजर आए। एक अन्य यात्री अलविना इनांग ने बताया, “आग बहुत तेजी से फैली। दोपहर 12 बजे के आसपास किसी ने चिल्लाकर बताया कि जहाज के पिछले हिस्से में आग लग गई है। अफरा-तफरी में हमें और हमारे परिवार को समुद्र में कूदना पड़ा।”

आग लगने के कारणों की जांच शुरू
अधिकारियों ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, बिजली की खराबी, ईंधन रिसाव या इंजन की खराबी इस हादसे का कारण हो सकती है। जहाज तलौद द्वीप से रवाना हुआ था और मनाडो बंदरगाह पर पहुंचने वाला था। पिछले दिन आए तूफान के कारण जहाज के प्रस्थान में देरी हुई थी, जिसने मशीनी या परिचालन समस्याओं की आशंका को और बढ़ा दिया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस भयानक हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में जहाज से उठती आग की ऊंची लपटें और यात्रियों का समुद्र में कूदना साफ देखा जा सकता है। यह घटना न केवल इंडोनेशिया बल्कि पूरी दुनिया में चर्चा का विषय बन गई है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



