
Bhilai : भूपेश बघेल पर अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल के खिलाफ की गई अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सुपेला थाना परिसर का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने थाना परिसर के बाहर धरना देते हुए जमकर नारेबाजी की और आरोपी के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की।

थाना गेट के सामने धरना, कार्रवाई तक डटे रहने का ऐलान
प्रदर्शनकारी कार्यकर्ता थाना गेट के सामने ही बैठ गए और स्पष्ट किया कि जब तक आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं होती, तब तक वे मौके से हटेंगे नहीं। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि सोशल मीडिया पर लगातार योजनाबद्ध तरीके से नफरत फैलाने और वरिष्ठ नेताओं को अपमानित करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
लोकतंत्र और सामाजिक सौहार्द पर हमला: कांग्रेस
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि यह मामला केवल एक व्यक्ति विशेष का नहीं है, बल्कि यह लोकतांत्रिक व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द पर सीधा हमला है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक द्वेष के चलते वरिष्ठ नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है और प्रदेश में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं।
प्रदेश और दुर्ग में अपराध बेलगाम
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि छत्तीसगढ़, खासकर दुर्ग जिले में अपराध की घटनाएं चिंताजनक स्तर तक बढ़ गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कानून का डर खत्म होता जा रहा है और सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर समाज में ज़हर घोला जा रहा है।
रायपुर की कार्रवाई का दिया हवाला
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रायपुर में हुए पूर्व घटनाक्रम का भी उल्लेख किया, जहां NSUI के प्रदर्शन के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने एक सोशल मीडिया यूजर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि दुर्ग जिले में भी उसी तर्ज पर सख्त कार्रवाई की जाए।
अमित सेन पर आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप
भिलाई शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने बताया कि एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर अमित सेन नामक व्यक्ति द्वारा लगातार भूपेश बघेल के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि थाना प्रभारी ने जानकारी दी है कि मामला आईटी एक्ट के तहत आता है और उचित धाराओं में केस दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।
FIR और गिरफ्तारी तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दो टूक कहा कि जब तक एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक उनका धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। मौके पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



