
Bhopal PWD घोटाला: पूर्व चीफ इंजीनियर जीपी मेहरा के ठिकानों पर लोकायुक्त का छापा, करोड़ों की संपत्ति बरामद
लोक निर्माण विभाग (PWD) के पूर्व चीफ इंजीनियर जीपी मेहरा के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति और भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद लोकायुक्त पुलिस ने गुरुवार सुबह भोपाल में उनके चार ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की। हबीबगंज के मन्नीपुरम कॉलोनी स्थित उनके आवास सहित रोहित नगर, गोविंदपुरा फैक्ट्री, और सोहागपुर फार्म हाउस पर 30 सदस्यीय टीम ने छापेमारी की। इस कार्रवाई में करोड़ों रुपये की संपत्ति, नकदी, और कीमती सामान बरामद हुए हैं।

लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई
लोकायुक्त पुलिस ने चार डीएसपी—वीरेन्द्र सिंह, आशीष भट्टाचार्य, मंजू सिंह, और बीएम द्विवेदी—के नेतृत्व में 30 से अधिक पुलिसकर्मियों की टीम के साथ यह छापेमारी की। मेहरा पर अपने कार्यकाल के दौरान ठेकों और निर्माण कार्यों में अनियमितता और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप हैं। लोकायुक्त के अनुसार, यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति की शिकायत के आधार पर शुरू की गई थी।

छापे में क्या-क्या बरामद हुआ?
लोकायुक्त की शुरुआती जांच में जीपी मेहरा के ठिकानों से भारी मात्रा में नकदी, सोना-चांदी, और अन्य संपत्ति बरामद हुई। नोट गिनने के लिए मशीन तक मंगवानी पड़ी।
बरामद सामान का विवरण इस प्रकार है:
- मन्नीपुरम कॉलोनी
- नकद: 8 लाख 79 हजार रुपये
- सोना-चांदी के जेवर: अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये
- फिक्स डिपॉजिट: 56 लाख रुपये के दस्तावेज
- अन्य सामान और प्रॉपर्टी दस्तावेज: अनुमानित कीमत 60 लाख रुपये
- रोहित नगर (ओपल रेजेंसी, दानापानी)
- नकद: 26 लाख रुपये
- सोना: 2 किलो 649 ग्राम (अनुमानित कीमत 3 करोड़ 5 लाख रुपये)
- चांदी: 5 किलो 523 ग्राम (अनुमानित कीमत 5 लाख 93 हजार रुपये)
- प्रॉपर्टी दस्तावेज: विभिन्न संपत्तियों से संबंधित
अन्य ठिकाने
- कुल नकदी: 36 लाख रुपये
- सोना: अनुमानित कीमत 3 करोड़ रुपये
- लक्जरी कारें: 4 कारें
- निर्माणाधीन रिसॉर्ट कॉटेज: दस्तावेज बरामद
जांच अभी जारी, संपत्ति का मूल्यांकन बाकी
लोकायुक्त पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि छापेमारी और जांच अभी जारी है। बरामद संपत्तियों का कुल मूल्यांकन किया जा रहा है। मेहरा के खिलाफ यह कार्रवाई भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति के मामले में बड़ा खुलासा कर सकती है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



