
भिलाईनगर: ड्यूटी से घर लौट रहे श्रमिक की सड़क दुर्घटना में मौत,नंदिनी थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज
ड्यूटी से लौटते समय बासिन पुलिया के पास हुआ हादसा
भिलाईनगर। नंदिनी थाना अंतर्गत ग्राम बासिन पुलिया के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें ड्यूटी से घर लौट रहे श्रमिक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान राहुल निर्मलकर (19 वर्ष), निवासी ग्राम बानबरद, संतोषी चौक के रूप में हुई है।
अज्ञात वाहन ने पीछे से मारी जोरदार ठोकर
नंदिनी पुलिस के अनुसार राहुल 6 दिसंबर की रात हथखोज स्थित जेटवर्क कंपनी में ड्यूटी खत्म कर मोटरसाइकिल से अपने घर बानबरद लौट रहा था। रात करीब 8:40 बजे जब वह अहिवारा से पावर हाउस जाने वाली सड़क पर बासिन पुलिया के पास पहुँचा, तभी पीछे से आ रहे अज्ञात ट्रक ने तेज और लापरवाहीपूर्वक खतरनाक ढंग से वाहन चलाते हुए उसे जोरदार ठोकर मार दी और मौके से फरार हो गया।

गंभीर सिर चोट से युवक की घटनास्थल पर मौत
हादसा इतना भीषण था कि राहुल के सिर में गंभीर चोट आई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ अपराध दर्ज
पुलिस ने मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ धारा 281, 106(1) बीएनएस तथा 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।
अज्ञात ट्रक और चालक की तलाश जारी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



