
Bhilai स्टील प्लांट प्रबंधन व ठेकेदार पर केस दर्ज, पोल से गिरकर श्रमिक गंभीर घायल
बिना सुरक्षा उपकरण काम कराने का आरोप
दुर्ग जिले के भिलाई नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) टाउनशिप में कार्य के दौरान एक ठेका श्रमिक के गंभीर रूप से घायल होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बिना पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों के काम कराया जा रहा था, जिससे यह हादसा हुआ।
झुके हुए पोल से गिरा श्रमिक, गंभीर चोटें
पीड़ित श्रमिक ललित कुमार के अनुसार, काम के दौरान क्रेन से पोल को टिकाकर रस्सी से खींचा जा रहा था। इसी दौरान कमर में लगा सुरक्षा झूला खिसक गया और वह करीब 15 फीट ऊंचाई से नीचे गिर पड़ा। इस हादसे में उसके दाहिने हाथ, पैर और रीढ़ की हड्डी में गंभीर फ्रैक्चर हुआ।

इलाज में लापरवाही का आरोप
घटना के बाद ललित कुमार को पहले सेक्टर-9 अस्पताल भिलाई ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे ईएसआई अस्पताल और फिर हाइटेक अस्पताल रेफर किया गया। पीड़ित का आरोप है कि वह पूरी तरह ठीक नहीं हुआ था, इसके बावजूद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इलाज में उसे अपनी जेब से करीब एक लाख रुपये खर्च करने पड़े।
मुआवजा और सहायता नहीं मिलने की शिकायत
पीड़ित का कहना है कि ठेकेदार शंकर दयाल सिंह ने मुआवजा देने और स्वस्थ होने पर काम पर वापस रखने का आश्वासन दिया था, लेकिन चार महीने बीत जाने के बाद भी न तो मुआवजा मिला और न ही किसी तरह की आर्थिक या चिकित्सकीय सहायता दी गई।
दबाव और धमकी देने का आरोप
ललित कुमार ने यह भी आरोप लगाया है कि बीएसपी टाउनशिप के कुछ अधिकारी उस पर मामला दर्ज न कराने का दबाव बना रहे हैं। शिकायत करने पर गाली-गलौज और धमकी दिए जाने की बात भी उसने कही है।

पुलिस ने दर्ज किया अपराध
दुर्ग एसपी को दी गई लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएसपी प्रबंधक राजकिशोर, दिलीप राणे, टिकेंद्र ठाकुर, अशोक साहू, पर अपराध दर्ज किया गया।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



