
Bhilai पुलिस की त्वरित कार्रवाई : सशक्त एप की मदद से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद
दुर्ग जिले की पुरानी भिलाई पुलिस ने सशक्त एप की मदद से चोरी हुई एक मोटरसाइकिल को बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी ने मड़ई मेला घूमने के शौक में घर के सामने खड़ी बाइक चोरी की थी।
घर के सामने से चोरी हुई थी बाइक
जानकारी के अनुसार, दिनांक 02 जनवरी 2026 को प्रार्थी ने थाना पुरानी भिलाई में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसने अपनी मोटरसाइकिल (CG 07 BY 9227, ग्लैमर, काला रंग) को मकान के सामने खड़ा किया था। दोपहर करीब 3:30 बजे जब वह बाहर आया, तो बाइक मौके से गायब थी। अज्ञात चोर द्वारा वाहन चोरी किए जाने पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 02/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

सशक्त एप से मिली अहम सूचना
विवेचना के दौरान पुलिस को दिनांक 08 जनवरी 2026 को सशक्त एप के माध्यम से सूचना मिली कि एक व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिल से गांव-गांव मड़ई मेला घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने भिलाई-03 निवासी गजेन्द्र पटेल को संदेह के आधार पर पकड़कर पूछताछ की।
आरोपी ने कबूला जुर्म, बाइक बरामद
पूछताछ के दौरान आरोपी ने मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि पेट्रोल खत्म हो जाने के कारण उसने बाइक को भिलाई-03 रेलवे स्टेशन की पार्किंग में खड़ा कर दिया था। गवाहों के समक्ष पुलिस ने 20 हजार रुपये कीमत की चोरी गई मोटरसाइकिल को बरामद कर जब्त किया।

आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
पुलिस ने आरोपी गजेन्द्र पटेल (उम्र 35 वर्ष), निवासी नूतन चौक, भिलाई-03 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



