
Bhilai पुलिस की बड़ी सफलता : सब्जी के आड़ में गांजा सप्लाई करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार
नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन विश्वास अभियान के तहत भिलाई नगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक साल से फरार चल रहे तीन गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है, जो पिकअप वाहन में सब्जी के नीचे गांजा छिपाकर सप्लाई कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों से करीब 2 क्विंटल अवैध गांजा जब्त किया है।

सब्जी की आड़ में कर रहे थे गांजे की तस्करी
दिनांक 8 फरवरी 2024 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन (क्रमांक OD14/V4975) में सब्जी के नीचे गांजा छिपाकर उतई से सेक्टर-7 की ओर लाया जा रहा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सेक्टर-7 सड़क 24 के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर वाहन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला।
1.70 क्विंटल गांजा हुआ था बरामद
अगले दिन, 9 फरवरी 2024 को पुलिस ने वाहन की तलाशी ली, जिसमें 7 सफेद बोरियों में भरा कुल 1 क्विंटल 70 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इस मामले में वाहन चालक और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही थी।

मालिक और दो साथी निकले तस्कर
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले की जांच दोबारा शुरू की गई। जांच के दौरान पिकअप वाहन के मालिक राजीब कुमार नायक से पूछताछ की गई, जिसने अपने दो साथियों बुलू प्रधान और अनुज प्रधान के साथ मिलकर गांजा तस्करी करने की बात स्वीकार की। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
पुलिस टीम को मिली सफलता
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा, सहायक उप निरीक्षक पूर्ण बहादुर, प्रधान आरक्षक प्रेम सिंह, आरक्षक शहबाज खान और आरक्षक त्रिलोक भाटी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
यह कार्रवाई पुलिस की नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति को दर्शाती है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



