
भिलाई नगर पुलिस की बड़ी कामयाबी: हुडको में चोरी करने वाले सात आरोपी और एक अपचारी बालक गिरफ्तार
दुर्ग, 20 जून 2025:
भिलाई नगर पुलिस ने हुडको क्षेत्र में हुई एक बड़ी चोरी की घटना का खुलासा करते हुए सात आरोपियों और एक अपचारी बालक को गिरफ्तार किया है। चोरों ने मकान से सोने के जेवर, लैपटॉप, एयर कंडीशनर, गैस सिलेंडर, बर्तन और कपड़ों की चोरी की थी। पुलिस ने चोरी के सामान के साथ-साथ एक फिएट कार, एक्टिवा और ऑटो सहित करीब 7.5 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की है।
प्रार्थी की शिकायत पर शुरू हुई जांच
प्रार्थी तिमिर भट्टाचार्जी (63 वर्ष), निवासी हुडको, भिलाई ने 13 जून 2025 को थाना भिलाई नगर में शिकायत दर्ज कराई कि 15 मई से 5 जून 2025 के बीच उनके आमदी नगर, हुडको स्थित मकान से अज्ञात चोरों ने एक लैपटॉप, पुराना एयर कंडीशनर, दो खाली गैस सिलेंडर, शादी के बर्तन और कपड़े चुरा लिए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 248/2025, धारा 331(4), 305, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
मुखबिर की सूचना से मिला सुराग
विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आशीष दास उर्फ चिंटू हाल ही में एक कार लेकर घूम रहा है और उसे अचानक बड़ी रकम मिली है। पुलिस ने आशीष दास(25) वर्ष को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि 1 जून 2025 को वह हुडको क्षेत्र में घूम रहा था और उसने खाली पड़े क्वार्टर नंबर HIG-59 और HIG-60 को देखकर अपने साथियों अमन सिंह (21) वर्ष, शशांक बाघ(29)वर्ष, जैकी चंदेल(22)वर्ष, जितेंद्र चंदेल (31) वर्ष और कार्तिक कुमार के साथ चोरी की योजना बनाई।
चोरी का सामान बेचकर खरीदी फिएट कार
आरोपी आशीष दास ने बताया कि 1 जून 2025 की रात को उन्होंने उक्त मकान में सेंधमारी कर लैपटॉप, दो एचपी गैस सिलेंडर, विंडो एसी, कांच के बर्तन, कपड़े और अलमारी तोड़कर उसमें रखी सोने की चूड़ी और लॉकेट चुराया। चोरी का सामान अमन सिंह के एक्टिवा और जितेंद्र चंदेल के ऑटो में ले जाया गया। सामान को आपस में बांट लिया गया, जिसमें सोने की चूड़ी और लॉकेट आशीष ने अपने पास रखे। उसने अपने दोस्त शिवान सतपथी के साथ मिलकर सोने के जेवर बेच दिए और उस रकम में से 15,000 रुपये शिवान को दिए। बाकी रकम से आशीष ने एक सेकंड हैंड फिएट कार (क्रमांक CG 04 DL 0330) खरीदी।
7.5 लाख की संपत्ति बरामद
पुलिस ने आशीष दास के कबूलनामे के आधार पर सभी आरोपियों को हिरासत में लिया और चोरी गया सामान, नकदी, फिएट कार, एक्टिवा और ऑटो सहित कुल 7.5 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की। आरोपियों ने योजना बनाकर इस नकबजनी की घटना को अंजाम दिया था। सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त कार्रवाई
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में भिलाई नगर पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (एसीसीयू) की टीम की उल्लेखनीय भूमिका रही। पुलिस ने इस कार्रवाई से न केवल चोरी की गुत्थी सुलझाई, बल्कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ कड़ा संदेश भी दिया।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें 👇👇
https://chat.whatsapp.com/IJrppjHVVwT5Q6vKhLAfuT



