
भिलाई नगर पुलिस ने सशक्त ऐप की मदद से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार
भिलाई, 13 जून 2025: थाना भिलाई नगर पुलिस ने क्षेत्र में हो रही वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक चोरी की मोटरसाइकिल को बरामद किया है। इस कार्रवाई में सशक्त ऐप की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसके माध्यम से चोरी गई मोटरसाइकिल R15 को जब्त किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सुयश कुमार शर्मा (29 वर्ष), निवासी सेक्टर 02, सड़क 14, भिलाई ने 13 अप्रैल 2025 को थाना भिलाई नगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी मोटरसाइकिल R15 (क्रमांक CG 07 BU 7957), जिसकी कीमत लगभग 1 लाख रुपये है, को किसी अज्ञात व्यक्ति ने चोरी कर लिया। इस शिकायत पर थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 139/2025, धारा 303(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान सशक्त ऐप पर उक्त मोटरसाइकिल का नंबर मिलने पर त्वरित कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी रूपेश भारती (19 वर्ष), निवासी बीसी चौक, उड़िया मोहल्ला, बम्लेश्वरी मंदिर के पास, छावनी, भिलाई को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में रूपेश ने अपने एक नाबालिग साथी के साथ मिलकर मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोटरसाइकिल R15 (क्रमांक CG 07 BU 7957) को बरामद कर लिया।
आरोपी रूपेश भारती और विधि से संघर्षरत नाबालिग बालक को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर रूपेश भारती को केंद्रीय जेल, दुर्ग और नाबालिग को बाल संप्रेक्षण गृह में भेज दिया गया है।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें 👇👇
https://chat.whatsapp.com/IJrppjHVVwT5Q6vKhLAfuT



