
Bhilai : मोबाइल दुकान में चोरी का खुलासा, दो शातिर चोर गिरफ्तार
दुर्ग पुलिस ने थाना पुरानी भिलाई क्षेत्र में हुई मोबाइल दुकान चोरी की घटना का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए 6 मोबाइल फोन और 2 एयर बर्ड सहित लगभग 40 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

मोबाइल दुकान का शटर तोड़कर की गई थी चोरी
पुलिस के अनुसार प्रार्थी रॉकीराज मिश्रा (20 वर्ष), निवासी इंदिरा नगर हथखोज, ने थाना पुरानी भिलाई में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वे शंकराचार्य कॉलेज में बीटेक द्वितीय वर्ष के छात्र हैं और उनके पिता उपेन्द्र कुमार साव के नाम से ट्रांसपोर्ट नगर हथखोज में “सीजी मोबाइल” नामक दुकान है।
दिनांक 5 जुलाई 2025 की रात करीब 10 बजे दुकान बंद कर ताला लगाकर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह पड़ोसी सैलून संचालक ने फोन कर सूचना दी कि दुकान का शटर टूटा हुआ है। मौके पर पहुंचने पर दुकान से 2 जियो कीपैड मोबाइल, 2 आईटेल कंपनी के कीपैड मोबाइल, नोट गिनने की मशीन, 5 एयर बर्ड, कुछ पुराने मोबाइल और दराज व गुल्लक में रखी नगदी चोरी होना पाया गया। कुल नुकसान करीब 40 हजार रुपये का था।

मुखबिर की सूचना पर आरोपियों की गिरफ्तारी
घटना की रिपोर्ट पर थाना पुरानी भिलाई में अपराध क्रमांक 261/2025 धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि खुर्सीपार क्षेत्र में एक युवक कीपैड मोबाइल बेचने के लिए ग्राहक तलाश कर रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर कुलदीप कौशिक (23 वर्ष), निवासी खुर्सीपार को पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने साथी विराज निर्मलकर (18 वर्ष) के साथ मिलकर हथखोज स्थित मोबाइल दुकान में चोरी करना स्वीकार किया।
चोरी का सामान बरामद, नगदी खर्च करने की बात कबूली
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गए 6 कीपैड मोबाइल और 2 एयर बर्ड बरामद किए। आरोपियों ने बताया कि चोरी की नगदी रकम उन्होंने खाने-पीने में खर्च कर दी है। दोनों आरोपियों को 29 दिसंबर 2025 को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



