
Bhilai: शादी में गए परिवार के सूने घर में बड़ी चोरी, 1.80 लाख के जेवर और नकदी पार
दुर्ग-भिलाई। दुर्ग जिले के कैलाश नगर में अज्ञात चोरों ने एक सूने घर को निशाना बनाते हुए सोने-चांदी के जेवर और नकदी समेत करीब 1 लाख 80 हजार रुपये की चोरी कर ली। घटना उस समय हुई जब घर में रहने वाले दो भाई अपने परिवार के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। लौटने पर उन्हें घर का ताला टूटा मिला और सामान अस्त-व्यस्त मिला।
कुल्हाड़ी से मेनगेट का ताला तोड़ा
मामला जामुल थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, चोरों ने वारदात को अंजाम देने के लिए पहले कुल्हाड़ी से मेनगेट का ताला तोड़ा। इसके बाद घर के कमरों में रखी आलमारियों के लॉक तोड़कर कीमती सामान और नकदी निकाल ली।

सामान अस्त-व्यस्त, लौटते ही दिखा चोरी का पता
जब परिवार शादी से वापस लौटा तो उन्होंने देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। घर के अंदर प्रवेश करते ही सामान बिखरा हुआ दिखा। कुछ देर जांच करने पर पता चला कि सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब है। इसके बाद पीड़ितों ने तुरंत जामुल थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी।
पुलिस जांच में जुटी, आसपास के CCTV खंगाले जा रहे
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम ने भी जांच की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है ताकि चोरों की गतिविधियों का पता लगाया जा सके।
थाना प्रभारी के अनुसार, चोरी में शामिल आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही उनकी पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



