
Bhilai: सनकी शादीशुदा प्रेमी ने प्रेमिका का गला काटने की कोशिश, नागपुर से गिरफ्तार
शादी का दबाव बनाने पर विवाद, ब्लेड से किया जानलेवा हमला
दुर्ग। जिले के भिलाई में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक अजीबो-गरीब और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक सनकी और शादीशुदा प्रेमी ने अपनी प्रेमिका को “आखिरी बार मिलने” के बहाने बुलाया और उस पर शादी करने का दबाव बनाया। प्रेमिका के इंकार करने पर आरोपी ने उसकी हत्या की नीयत से ब्लेड से गले पर वार कर दिया। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।

तीन महीने पहले ही कर चुका था शादी
हैरान करने वाली बात यह है कि आरोपी अमन निषाद (20 वर्ष) ने करीब तीन महीने पहले ही दूसरी लड़की से शादी कर ली थी। इसके बावजूद वह अपनी पुरानी प्रेमिका पर शादी करने का दबाव बना रहा था।
चार साल से चल रहा था प्रेम संबंध
पुलगांव थाना क्षेत्र के जेवरा सिरसा चौकी की रहने वाली पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह और आरोपी अमन निषाद पिछले चार सालों से रिलेशनशिप में थे। दोनों के बीच नियमित बातचीत होती थी। आरोपी की शादी के बाद युवती ने उससे दूरी बना ली थी, जिससे वह नाराज और आक्रोशित हो गया।
आखिरी मुलाकात के नाम पर बुलाकर किया हमला
पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने उसे अंतिम बार मिलने के लिए बुलाया और वहीं शादी के लिए दबाव बनाने लगा। मना करने पर उसने अचानक ब्लेड से युवती के गले पर वार कर दिया। गंभीर हालत में युवती को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
5 दिन बाद नागपुर से आरोपी गिरफ्तार
घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए लगातार तलाश की और घटना के पांच दिन बाद आरोपी को महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार कर लिया।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



