
Bhilai: कॉलेज में घुसे और प्राचार्य केबिन में किया हंगामा, दो बदमाश गिरफ्तार
छत्तीसगढ़: कल्याण कॉलेज में उपद्रव का मामला
भिलाई के सेक्टर-7 स्थित कल्याण स्नातकोत्तर महाविद्यालय में घुसकर उत्पात मचाने के मामले में भिलाई नगर थाना पुलिस ने फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों पर प्राचार्य से दुर्व्यवहार, शासकीय कार्य में बाधा और शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का गंभीर आरोप है।

दो आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए
पुलिस ने आरोपी अतुल कुमार चौधरी (19), निवासी खुर्सीपार और केतन तिवारी (23), निवासी नेहरू नगर सुपेला को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

परीक्षा कार्य के दौरान हुआ हंगामा
थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा ने बताया कि 9 दिसंबर को कॉलेज के प्राचार्य कक्ष में परीक्षा फॉर्म के परीक्षण और हस्ताक्षर का शासकीय कार्य चल रहा था। इसी दौरान कॉलेज का पूर्व छात्र आकाश कन्नौजिया अपने साथियों के साथ नारेबाजी करते हुए अनधिकृत रूप से कॉलेज परिसर में घुस आया।
प्राचार्य कक्ष में तोड़फोड़ और गाली-गलौज
आरोपियों ने प्राचार्य कक्ष में घुसकर गाली-गलौज की, टेबल का कांच तोड़ा और शासकीय दस्तावेजों को फेंक दिया। कई महत्वपूर्ण कागजात फाड़ दिए गए और कुछ पर स्याही डालकर उन्हें खराब कर दिया गया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने जूते की माला पहनाने का प्रयास किया और प्राचार्य के नाम पट्टिका को भी नुकसान पहुंचाया।
कॉलेज में अफरा-तफरी, शासकीय कार्य बाधित
घटना के दौरान प्राचार्य कक्ष में धक्का-मुक्की और उपद्रव के कारण पूरे कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस घटना से शासकीय कार्य पूरी तरह बाधित हुआ।
पहले भी हो चुकी हैं गिरफ्तारियां
प्राचार्य की शिकायत पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया था। इससे पहले इस मामले में एनएसयूआई के महासचिव आकाश कन्नौजिया सहित कुछ अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अतुल चौधरी और केतन तिवारी फरार थे, जिन्हें अब तकनीकी साक्ष्यों और लगातार दबिश के बाद पकड़ा गया है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



