
Bhilai: स्मृति नगर कूकर बिरयानी सेंटर में मारपीट, चिकन पीस को लेकर हुआ विवाद
भिलाई। स्मृति नगर स्थित कूकर बिरयानी सेंटर में बिरयानी में कम चिकन पीस परोसने को लेकर हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया। घटना के दौरान बिरयानी खाने आए युवकों और सेंटर के मैनेजर व दो कर्मचारियों के बीच जमकर मारपीट हुई। मामले में पुलिस ने मैनेजर समेत दो कर्मचारियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बिरयानी ऑर्डर करने पर हुआ विवाद
पीड़ित राजेश ने पुलिस को बताया कि वह एयरटेल फाइबर में वाई-फाई इंस्टॉलेशन का कार्य करता है। 13 जनवरी की शाम करीब 4:15 बजे वह अपने दो दोस्तों राकेश साहू और हर्ष कपूर के साथ कूकर बिरयानी सेंटर में भोजन करने गया था। तीनों ने तीन हाफ बिरयानी का ऑर्डर दिया।

कम चिकन पीस परोसने का आरोप
राजेश का आरोप है कि उनकी प्लेट में अपेक्षा से काफी कम चिकन पीस परोसे गए, जबकि अन्य ग्राहकों को ज्यादा मात्रा में चिकन दिया जा रहा था। इस बात को लेकर जब उन्होंने आपत्ति जताई, तो सेंटर के स्टाफ से कहासुनी शुरू हो गई।
कहासुनी बदली मारपीट में
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि सेंटर के मैनेजर और दो कर्मचारियों ने युवकों के साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना में पीड़ितों को चोटें आईं, जिसके बाद उन्होंने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
शिकायत के आधार पर पुलिस ने कूकर बिरयानी सेंटर के मैनेजर और दो कर्मचारियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है और गवाहों के बयान लिए जा रहे हैं।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



