
CISF की त्वरित कार्रवाई से BSP प्लांट में घुसे चोर अरेस्ट
भिलाईनगर। भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) के प्रतिबंधित क्षेत्र से स्क्रैप कॉपर केबल चोरी करने के प्रयास का मामला सामने आया है। सीआईएसएफ की त्वरित कार्रवाई में एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर फरार हो गया।
सुबह तड़के संदिग्ध कार पर CISF की नजर
भट्ठी पुलिस के अनुसार, एएसआई डोमाजी सातपुते (55 वर्ष), औसुब इकाई बीएसपी में 3 फरवरी को प्रथम पारी (सुबह 5 बजे से दोपहर 1 बजे तक) में जोरातराई गेट पर पारी प्रभारी के रूप में ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान सुबह करीब 6.20 बजे, ओआरटी कर्मियों ने जल भवन के पीछे प्रोपेन प्लांट के सुनसान क्षेत्र में एक हुंडई सेंट्रो कार को संदिग्ध अवस्था में खड़ा देखा।

पीछा करने पर कार छोड़कर भागे आरोपी
पूछताछ के लिए पहुंचते ही वाहन चालक कार लेकर भाग निकला। पीछा करने पर एसई रेलवे गेट के पास दो लोग कार छोड़कर फरार होने लगे। ओआरटी कर्मियों ने दौड़ाकर पीछा किया और सुबह करीब 6.30 बजे एक व्यक्ति को पकड़ लिया, जबकि दूसरा आरोपी झाड़ियों और धूल का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पकड़ा गया आरोपी, वैध गेट पास नहीं
गिरफ्तार आरोपी ने अपना नाम संतोष निषाद (35 वर्ष) निवासी स्टेशन मरोदा, उत्कल नगर बताया। उसके पास कोई वैध गेट पास नहीं था। पूछताछ में उसने बताया कि उसका साथी चॉकलेटी यादव कार की चाबी लेकर फरार हो गया।
210 किलो स्क्रैप कॉपर केबल बरामद
वाहन की तलाशी लेने पर कार से स्क्रैप कॉपर केबल बरामद हुई। जांच में कार की पिछली सीट के नीचे चोरी के उद्देश्य से बनाई गई विशेष कैविटी भी पाई गई। बरामद कॉपर केबल का कुल वजन 210 किलोग्राम पाया गया।
पुलिस कर रही फरार आरोपी की तलाश
सीआईएसएफ की कार्रवाई के बाद मामला भट्ठी पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है। मामले में आगे की जांच जारी है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



