
भिलाई में आरक्षक पर हमला, दो गिरफ्तार
भिलाई के जामुल थाना क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी से मारपीट करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना ग्राम खेरधा की है, जहां नशे की हालत में युवकों ने कानून व्यवस्था संभालने पहुंचे प्रधान आरक्षक पर ही हमला कर दिया था।
आपसी विवाद की सूचना पर पहुंचे थे प्रधान आरक्षक
जानकारी के अनुसार, ग्राम खेरधा में सतनाम भवन के पास कुछ युवक आपस में झगड़ा कर रहे थे। इसकी सूचना मिलते ही जामुल थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक जयप्रकाश सूर्यवंशी मौके पर पहुंचे और विवाद को शांत कराने का प्रयास करने लगे।

नशे में धुत युवकों ने की मारपीट
बताया जा रहा है कि आरोपी युवक नशे की हालत में थे। बीच-बचाव के दौरान सभी आरोपियों ने मिलकर प्रधान आरक्षक जयप्रकाश सूर्यवंशी के साथ मारपीट कर दी और मौके से फरार हो गए। इस हमले में आरक्षक के चेहरे और आंखों में गंभीर चोटें आई हैं।
थाने में दर्ज हुई शिकायत
घटना के बाद प्रधान आरक्षक जयप्रकाश सूर्यवंशी ने जामुल थाने में शिकायत दर्ज कराई। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उनकी धरपकड़ शुरू की।
चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
जेल भेजने की तैयारी
जामुल पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की तैयारी की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से मारपीट करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



