
भिलाई: दुर्ग में 76 वर्षीय अफीम तस्कर गिरफ्तार, जीप में तौलकर करता था नशे की बिक्री
शिवनाथ नदी किनारे चल रहा था नशे का कारोबार
दुर्ग जिले में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 76 वर्षीय बुजुर्ग अफीम तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी शिवनाथ नदी के किनारे अपनी पुरानी जीप खड़ी कर अफीम और डोडा चूरा बेचते हुए पकड़ा गया। यह मामला पुलगांव थाना क्षेत्र का है, जहां लंबे समय से अवैध नशे की बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं।

तराजू से तौलकर बेचता था अफीम
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अपनी जीप में तराजू रखकर चिल्हर मात्रा में अफीम और डोडा चूरा बेचता था। वह खासतौर पर ट्रक चालकों को निशाना बनाता था और मौके पर ही नशे का सामान तौलकर बिक्री करता था।
पुलिस को मुखबिर से मिली सूचना
14 दिसंबर को थाना दुर्ग पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम महमरा स्थित कैफेटेरिया के सामने, शिवनाथ नदी ब्रिज के नीचे एक जीप चालक अवैध रूप से नशे का सामान बेच रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर मौके पर घेराबंदी की और आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपी बुजुर्ग ने बताया कि उसे अफीम और डोडा चूरा नेशनल हाईवे पर कुछ अज्ञात युवक सप्लाई करते थे। इसके बाद वह इसे अलग-अलग जगहों पर बेचता था। पुलिस अब इस पूरे सप्लाई नेटवर्क को तोड़ने के लिए लगातार जांच कर रही है।
आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया
पुलगांव थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
नशे के खिलाफ पुलिस की सख्ती जारी
दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



