
Bhilai: बहन के घर से ढाई लाख की चोरी, छोटा भाई गिरफ्तार
दुर्ग जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक छोटे भाई ने अपनी ही सगी बहन के घर से करीब ढाई लाख रुपये की चोरी कर ली। घटना 6 दिसंबर की बताई जा रही है, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बहन की गैरमौजूदगी में दिया वारदात को अंजाम
जानकारी के अनुसार आरोपी सुरेश साहू 6 दिसंबर को कैलाश नगर हाउसिंग बोर्ड स्थित अपनी बहन के घर आया हुआ था। उसी समय उसका जीजा काम के सिलसिले में बाहर गया हुआ था, जबकि बहन सामान खरीदने बाजार चली गई थी। घर में कोई नहीं होने का फायदा उठाकर आरोपी ने अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।

गहने गिरवी रखे, जुएं में हार गया पैसा
पुलिस जांच में सामने आया है कि चोरी के बाद आरोपी ने जेवरात एक ज्वेलरी दुकान में गिरवी रख दिए थे। वहीं, चोरी की नकदी रकम उसने जुएं में हार दी। जब बहन घर लौटी तो सामान गायब देखकर उसने परिजनों और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने आरोपी को दबोचा
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी सुरेश साहू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गिरवी रखे गए जेवरात भी बरामद कर लिए हैं।
रिश्तों में आई दरार
इस घटना के बाद परिवार और मोहल्ले में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ चोरी सहित अन्य धाराओं में कार्रवाई की जा रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



