
Bhilai में फर्जी सिम जारी करने का मामला, मोबाइल दुकान संचालक पर FIR
भिलाई के छावनी थाना क्षेत्र में फर्जी तरीके से सिम जारी करने का मामला सामने आया है। यहां एक मोबाइल दुकान संचालक पर ग्राहक के आधार कार्ड और बायोमेट्रिक जानकारी का दुरुपयोग कर फर्जी सिम जारी करने का आरोप लगा है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिम खरीदने गया था युवक
पीड़ित मोहम्मद नाजिम खान (21 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 27 शास्त्री नगर कैम्प-01, ने पुलिस को बताया कि 23 अगस्त को वह बीएम शाह अस्पताल के सामने स्थित सिद्धिविनायक मोबाइल दुकान पर सिम कार्ड खरीदने गया था।
लाइव फोटो और बायोमेट्रिक कई बार कराया
पीड़ित के अनुसार दुकान संचालक ने उसके आधार कार्ड का फोटो पुराना बताते हुए कई बार लाइव फोटो खिंचवाया और बायोमेट्रिक थम्ब स्कैन कराया। उस समय उसे किसी गड़बड़ी का अंदेशा नहीं हुआ।
बाद में चला फर्जी सिम जारी होने का पता
कुछ समय बाद पीड़ित को जानकारी मिली कि उसके आधार कार्ड और बायोमेट्रिक का उपयोग कर एक फर्जी सिम जारी किया गया है, जिससे वह हैरान और परेशान हो गया। इसके बाद उसने छावनी थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने मामला दर्ज कर मोबाइल दुकान संचालक की भूमिका की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि फर्जी सिम का उपयोग कहां और किस उद्देश्य से किया गया। मामले की जांच जारी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



