
Bhilai: मछली पकड़ने गए दो लोग नाले में बहे, एक का शव बरामद, दूसरे की तलाश जारी
विनोबा नगर नाले में हुआ हादसा
भिलाई के एमजे कॉलेज के पास विनोबा नगर नाले में मंगलवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। मछली पकड़ने गए दो व्यक्ति नाले के तेज बहाव में बह गए। घटना स्मृति नगर चौकी क्षेत्र की बताई जा रही है।

एक को बचाने कूदा दूसरा भी बहा
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात बारिश थमने के बाद तीन लोग — नरेंद्र वर्मा, पवन खुटेल और पीलू निषाद मछली पकड़ने के लिए नाले पर पहुंचे थे। जाल डालते समय पवन का पैर फिसल गया और वह बहने लगा। उसे बचाने के लिए उसका साथी पीलू भी नाले में कूद पड़ा, लेकिन दोनों तेज बहाव में बह गए।

तीसरे साथी ने दी सूचना
तीसरे साथी नरेंद्र वर्मा ने स्थिति को गंभीर देखते हुए पानी में उतरने की हिम्मत नहीं की। उन्होंने मोहल्ले में जाकर घटना की जानकारी दी। इसके बाद पवन के छोटे भाई कृष्णा ने आपातकालीन नंबर 112 पर कॉल कर मदद मांगी।

सुबह से SDRF ने चलाया रेस्क्यू
घटना की सूचना मिलते ही SDRF की टीम मौके पर पहुंची और बुधवार सुबह से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। टीम ने नाव की मदद से एक किलोमीटर तक क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया। दोपहर को एक व्यक्ति का शव झाड़ियों में फंसा मिला, जिसकी पहचान पीलू निषाद (50 वर्ष), निवासी विनोबा नगर जुनवानी, के रूप में हुई। शव को निकालकर पुलिस के सुपुर्द किया गया।
दूसरे की तलाश जारी
फिलहाल दूसरे व्यक्ति पवन खुटेल का कोई पता नहीं चल पाया है। SDRF की टीम नाले में लगातार तलाशी अभियान चला रही है।
बाइट – नागेंद्र कुमार सिंह,
नगर सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी, SDRF
“सूचना मिलते ही हमारी टीम मौके पर पहुंची और सुबह से रेस्क्यू अभियान चलाया। एक व्यक्ति का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दूसरे की तलाश अभी भी जारी है।”
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



