
Bhilai : रेलवे स्टेशन रोड पर चापड़ लहराकर दहशत फैला रहा युवक गिरफ्तार
भिलाई | दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र के अंतर्गत भिलाई नगर रेलवे स्टेशन रोड पर धारदार हथियार लहराकर लोगों को डराने वाले एक शातिर युवक को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी सार्वजनिक स्थान पर हाथ में चापड़ लेकर राहगीरों को धमका रहा था, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। सुपेला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोचकर जेल भेज दिया है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस की घेराबंदी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार को सुपेला पुलिस की टीम टाउन पेट्रोलिंग पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि भिलाई नगर रेलवे स्टेशन रोड के पास एक युवक हाथ में बड़ा सा धारदार चापड़ लिए हुए है और आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया।

आरोपी के पास से मिला खतरनाक चापड़
पकड़े गए आरोपी की पहचान अभय गजभिये (22 वर्ष), निवासी रमण मोहल्ला, सुपेला के रूप में हुई है। पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली, तो उसके पास से एक धारदार लोहे का चापड़ बरामद हुआ। आरोपी इस हथियार के संबंध में कोई भी वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब पेश नहीं कर सका।
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
आरोपी का यह कृत्य आर्म्स एक्ट के तहत दंडनीय होने के कारण पुलिस ने उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 218/26, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस त्वरित कार्यवाही में सुपेला थाना प्रभारी विजय यादव, प्रधान आरक्षक प्रकाशचंद तिवारी और आरक्षक आशीष साहु की अहम भूमिका रही।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



