
भिलाई-3 में भीषण सड़क हादसा, मां-बेटी की मौके पर मौत
सिरसा गेट चौक के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, ट्रक की चपेट में आने से दर्दनाक अंत
दुर्ग। भिलाई-3 के सिरसा गेट चौक के पास गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मां-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक महिला की उम्र लगभग 35 वर्ष बताई जा रही है, जबकि उसकी दो साल की मासूम बेटी ने भी हादसे में दम तोड़ दिया। घटना पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र की है।
रायपुर से लौट रहे थे परिवार
जानकारी के अनुसार, राकेश दुबे अपनी पत्नी आरती दुबे और दो वर्षीय बेटी सोना दुबे के साथ बाइक से रायपुर से भिलाई लौट रहे थे। वे दोपहर करीब 12 बजे रायपुर से निकले थे और करीब 2 बजे भिलाई-3 स्थित सिरसा गेट चौक के पास पहुंचे थे।

तेज रफ्तार कार की टक्कर
परिजनों के मुताबिक, पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में मां और बेटी सड़क पर जा गिरीं।
ट्रक की चपेट में आईं दोनों
इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक ट्रक की चपेट में आने से मां-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना इतनी भयावह थी कि आसपास मौजूद लोग सन्न रह गए।
पति को आई हल्की चोट
हादसे में बाइक चला रहे राकेश दुबे को हल्की चोटें आई हैं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कार चालक की तलाश
सूचना मिलते ही पुरानी भिलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि कार चालक की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। फिलहाल आरोपी कार चालक की तलाश जारी है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



