
Bhilai कॉलेज में तिलक लगाने पर विवाद
भिलाई के कल्याण कॉलेज में शनिवार को आयोजित होने वाले गरबा कार्यक्रम से पहले तिलक लगाने को लेकर छात्रों के बीच बड़ा विवाद खड़ा हो गया। यह विवाद धीरे-धीरे इतना बढ़ गया कि दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस मारपीट में छात्र नागेश्वर यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

जानकारी के अनुसार, कॉलेज में शनिवार शाम गरबा कार्यक्रम होना तय था। कार्यक्रम से पहले हुई एक बैठक में यह निर्णय लिया गया था कि जो भी छात्र-छात्राएं गरबा में शामिल होंगे, उन्हें प्रवेश के समय तिलक लगाया जाएगा और गंगाजल पिलाया जाएगा। इसी फैसले को लेकर छात्रों के एक गुट ने आपत्ति जताई और इसका विरोध करना शुरू कर दिया।
धीरे-धीरे यह विवाद बढ़ता गया और दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। हाथापाई और मारपीट की नौबत आ गई। इसी दौरान छात्र नागेश्वर यादव गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम कॉलेज पहुंची और मौके पर हस्तक्षेप कर स्थिति को काबू में लिया। पुलिस ने छात्रों को समझाइश दी और फिलहाल स्थिति शांत बताई जा रही है।
इस पूरे प्रकरण के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने कॉलेज प्रबंधन और प्रशासन से दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। संगठन का कहना है कि कॉलेज में सांस्कृतिक कार्यक्रमों को शांति और परंपराओं के साथ आयोजित किया जाना चाहिए, लेकिन कुछ छात्रों द्वारा विरोध कर अराजकता फैलाना गलत है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। घायल छात्र का इलाज जारी है। वहीं कॉलेज प्रबंधन ने भी घटना को गंभीरता से लेते हुए कहा है कि दोषियों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



