
बहराइच: मदरसा संचालक पर छात्रा से दुष्कर्म की कोशिश का आरोप, गिरफ्तार
भारत-नेपाल सीमा के रुपईडीहा इलाके में सनसनीखेज मामला, परिजनों की तहरीर पर पुलिस की कार्रवाई
बहराइच। भारत-नेपाल सीमा से सटे बहराइच जिले के रुपईडीहा क्षेत्र में एक मदरसा संचालक पर छात्रा से दुष्कर्म की कोशिश का गंभीर आरोप सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही छात्रा को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।
झाड़ू लगाने के बहाने मदरसे में बुलाने का आरोप
पीड़िता रुपईडीहा के पास रंजितबोझा गांव में स्थित मदरसा दारुल उलूम गुलशने सैय्यद महबूब अशरफ में तालीम हासिल करती थी। परिजनों के अनुसार, 12 दिसंबर को मदरसा संचालक सलमान ने छात्रा को झाड़ू लगाने के बहाने मदरसे में बुलाया। आरोप है कि मदरसे पहुंचते ही छात्रा को एक कमरे में बंद कर उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की गई।

जान से मारने की धमकी, एक हफ्ते बाद खुलासा
परिजनों ने बताया कि घटना के बाद आरोपी ने छात्रा को किसी को भी कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी दी। डर और सदमे में आई छात्रा ने करीब एक सप्ताह बाद अपनी मां को पूरी घटना बताई। इसके बाद परिजनों ने पुलिस में तहरीर दी।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, आरोपी हिरासत में
तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी मदरसा संचालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



