
बेमेतरा कलेक्टरेट में कांग्रेस नेता की आत्मदाह की कोशिश
छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कलेक्टरेट परिसर में एक कांग्रेस नेता ने आत्मदाह की कोशिश कर ली। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि युवक ने खुद पर पेट्रोल डालकर माचिस से आग लगाने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे बचा लिया।

कलेक्टरेट परिसर में मचा अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कांग्रेस नेता और ठेकेदार ने अचानक कलेक्टरेट परिसर में पेट्रोल अपने ऊपर उड़ेल लिया। जैसे ही उसने माचिस जलाने की कोशिश की, वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्काल बीच-बचाव करते हुए माचिस छीन ली और बड़ी अनहोनी को टाल दिया। इस दौरान परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
कृषि विस्तार अधिकारी पर भुगतान न करने का आरोप
पीड़ित ने आरोप लगाया कि कृषि विस्तार अधिकारी द्वारा भवन निर्माण कार्य का भुगतान लंबे समय से नहीं किया जा रहा है। इसी बात से आहत होकर उसने यह कदम उठाने की कोशिश की। पीड़ित का कहना है कि बार-बार गुहार लगाने के बावजूद उसकी समस्या का समाधान नहीं किया गया।

पीड़ित की पहचान और राजनीतिक पृष्ठभूमि
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। आत्मदाह की कोशिश करने वाले व्यक्ति की पहचान आरिफ बाठिया के रूप में हुई है, जो पेशे से ठेकेदार हैं। इसके अलावा वे राजनीति में भी सक्रिय रहे हैं और पूर्व में जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव पद पर रह चुके हैं। हालांकि वर्तमान में जिला कांग्रेस कमेटी भंग बताई जा रही है।
पुलिस ने संभाली स्थिति, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच कर संबंधित पक्षों से जानकारी ली जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



