
बस्तर पुलिस की बड़ी कार्रवाई : दिल्ली के फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़, बीमा पॉलिसी के नाम पर 20 लाख की ठगी
छत्तीसगढ़ की बस्तर पुलिस ने दिल्ली में संचालित एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ करते हुए बीमा पॉलिसी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। आरोपियों ने बस्तर जिले के एक युवक से करीब 20 लाख रुपये की ठगी की थी। पीड़ित से लगातार कॉल कर बीमा पॉलिसी से जुड़ी रकम लौटाने और लाभ दिलाने का झांसा दिया गया।

FIR के बाद दिल्ली पहुंची पुलिस टीम
मामले की शिकायत दर्ज होने के बाद बस्तर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और कॉल डिटेल्स के आधार पर जांच शुरू की। जांच में ठगी का तार दिल्ली से जुड़े होने की पुष्टि होने पर पुलिस की एक विशेष टीम दिल्ली भेजी गई, जहां फर्जी कॉल सेंटर का पता लगाकर कार्रवाई की गई।
4 युवतियों समेत 5 आरोपी गिरफ्तार
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 4 युवतियों समेत कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये सभी आरोपी कॉल सेंटर के माध्यम से लोगों को बीमा पॉलिसी के नाम पर ठगने का काम कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, सिम कार्ड, दस्तावेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त किए हैं।

संगठित गिरोह के रूप में कर रहे थे ठगी
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी एक संगठित गिरोह के रूप में काम कर रहे थे। कॉल सेंटर में काम करने वाले युवक-युवतियां खुद को बीमा कंपनी का कर्मचारी बताकर लोगों को फोन करते थे और अलग-अलग तरीकों से रकम ऐंठते थे।
आगे की जांच जारी
बस्तर पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि देश के अन्य हिस्सों में भी इन्होंने इस तरह की ठगी को अंजाम दिया है या नहीं।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



