
तेज़ मोड़ पर ट्रेलर अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त, चालक की मौत
बास्तानार घाट में हुआ हादसा, सड़क की खतरनाक स्थिति पर फिर उठे सवाल
छग बस्तर। कोड़ेनार थाना क्षेत्र के बास्तानार घाट में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें ट्रेलर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रेलर तेज रफ्तार में तेज़ मोड़ पर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जोरदार तरीके से जा टकराया।

राजस्थान के अलवर निवासी था मृत चालक
मृतक की पहचान शैतान जाट (34 वर्ष) निवासी अलवर, राजस्थान के रूप में की गई है। हादसे की सूचना मिलते ही कोड़ेनार पुलिस दल मौके पर पहुंचा, मर्ग कायम किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
स्थानीय लोग बोले—यह मोड़ पहले भी ले चुका है कई जानें
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह मोड़ पहले भी कई दुर्घटनाओं का कारण बन चुका है। सड़क यहां अचानक ढलान लेती है, जिससे भारी वाहनों को संभालना मुश्किल हो जाता है। इस खतरनाक भौगोलिक स्थिति के कारण यहां दुर्घटनाओं की संभावना हमेशा बनी रहती है।
तकनीकी जांच जारी, चेतावनी संकेतों की जरूरत
पुलिस ट्रेलर के तकनीकी परीक्षण के साथ यह पता लगाने में जुटी है कि ड्राइवर की गलती थी या वाहन में कोई खराबी। मृतक चालक के परिजनों को सूचना दे दी गई है।
स्थानीय लोग और परिवहन विभाग के अधिकारी मानते हैं कि इस मोड़ पर अतिरिक्त चेतावनी संकेत, स्पीड कंट्रोल बोर्ड और रिफ्लेक्टिव मार्कर लगाए जाना बेहद जरूरी है, ताकि आगे ऐसी दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



