
राजस्थान में दर्दनाक सड़क हादसा : बस-ट्रेलर की भीषण टक्कर में 4 यात्रियों की मौत, 5 घायल
भरतपुर (राजस्थान): राजस्थान के भरतपुर जिले में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। आगरा–जयपुर नेशनल हाईवे पर स्लीपर बस और ट्रेलर की जोरदार टक्कर में मां-बेटे सहित कुल 4 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

यूपी से जयपुर जा रही थी बस
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह स्लीपर बस उत्तर प्रदेश के कासगंज से जयपुर जा रही थी। देर रात करीब 2:30 बजे एक्सीडेंट सेवर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर पुल के पास खड़े ट्रेलर में बस जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
टक्कर के बाद मची चीख-पुकार
हादसे के बाद बस में फंसे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। टक्कर के झटके से बस के शीशे और परखच्चे उड़ गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।

पुलिस और राहत कार्य
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हादसे की जांच जारी
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और सड़क किनारे खड़ा ट्रेलर माना जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



