
Balrampur : पुलिस हिरासत में आरोपी की संदिग्ध मौत, मचा हड़कंप
बलरामपुर। जिला मुख्यालय बलरामपुर के चर्चित धनंजय ज्वेलर्स चोरी मामले के आरोपी की पुलिस हिरासत में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से इलाके में हड़कंप मच गया है। मृतक की पहचान उमेश सिंह, ग्राम नकना (थाना सीतापुर) निवासी के रूप में हुई है। वह इस प्रकरण में पकड़े गए कुल नौ आरोपियों में शामिल था।

अचानक बिगड़ गई तबियत
सूत्रों के अनुसार, बलरामपुर पुलिस रविवार भोर में उमेश सिंह को अन्य आरोपियों के साथ लेकर वापस थाने लौट रही थी। इसी दौरान उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। पुलिस उसे तुरंत जिला अस्पताल बलरामपुर ले गई, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि मृतक सिकलसेल बीमारी से ग्रसित था और उसी वजह से उसकी स्थिति बिगड़ी। घटना के बाद जिला अस्पताल में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वहीं मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है।

चोरी के मामले में हुई थी गिरफ्तारी
धनंजय ज्वेलर्स में कुछ दिन पहले लाखों की चोरी हुई थी। इस मामले में पुलिस ने चोरी में शामिल आरोपियों के साथ-साथ चोरी का सामान खरीदने और खपाने में मदद करने वाले लोगों को भी हिरासत में लिया था। इन्हीं में उमेश सिंह भी शामिल था। मृत्यु की परिस्थितियों को देखते हुए मामले पर स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है और आगे की जांच जारी है।



