
Balrampur में ज्वेलर्स शॉप पर बड़ी चोरी, शटर तोड़कर लाखों के गहने गायब
चोरों ने गैस कटर से दुकान का शटर तोड़ा
डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी
बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में शुक्रवार देर रात एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। शहर के दहेजवार हिंदू चौक स्थित प्रसिद्ध धनंजय ज्वेलर्स की दुकान को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने शटर तोड़कर लाखों रुपये के सोना-चांदी के गहने उड़ा लिए। घटना के बाद व्यापारियों में दहशत का माहौल है और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

जानकारी के अनुसार, चोरी की घटना रात 1 बजे से 3 बजे के बीच की बताई जा रही है। देर रात जब पूरा इलाका शांत था, तभी चोरों ने गैस कटर या किसी भारी औजार से दुकान का शटर काट कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने दुकान की तिजोरी और शोकेस को खंगाला और बड़ी मात्रा में सोना-चांदी लेकर फरार हो गए।
सुबह मालिक ने देखा टूटा शटर, पुलिस को दी सूचना
शनिवार सुबह जब दुकान मालिक दुकान पहुंचे तो उन्होंने शटर टूटा देखा और तुरंत कोतवाली पुलिस को सूचना दी। घटना की खबर फैलते ही आसपास के व्यापारी और स्थानीय लोग भी मौके पर जुट गए। पुलिस ने तुरंत डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत
कोतवाली थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम ने दुकान से फिंगरप्रिंट, पदचिह्न और अन्य महत्वपूर्ण सबूत एकत्र किए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
स्थानीय व्यापारियों ने रात के समय पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की है। वहीं पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है और जांच तेज की है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



