
बलरामपुर में बुजुर्ग की निर्मम हत्या, जंगल में मिला गर्दन कटा शव
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां 65 वर्षीय बुजुर्ग की निर्मम हत्या कर दी गई। मृतक मवेशी चराने के लिए जंगल गया था, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटा। परिजनों की तलाश के दौरान जंगल में उसका गर्दन कटा हुआ शव मिला, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।

जंगल में दो किलोमीटर दूर मिला शव
जानकारी के अनुसार, यह घटना रामचंद्रपुर थाना क्षेत्र की है। मृतक की पहचान ग्राम कलिकापुर निवासी देवशरण यादव के रूप में हुई है। गुरुवार सुबह करीब 11 बजे वे अपनी भैंसें चराने जंगल की ओर गए थे। शाम होने पर जब वे वापस नहीं लौटे, तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की।
देर शाम तलाश में हुआ खुलासा
पहले भैंसों को जंगल से वापस लाया गया, लेकिन देवशरण यादव का कोई पता नहीं चला। देर शाम करीब 8 बजे दोबारा खोजबीन के दौरान जंगल में उनका गर्दन कटा शव पड़ा मिला। शव घर से लगभग दो किलोमीटर दूर जंगल में था।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही रामचंद्रपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी मनोज नवरंगे ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।

हत्या की आशंका, फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत होता है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। मौके से लगभग 20 मीटर की दूरी पर खून से सनी कुल्हाड़ी और चावल बरामद किए गए हैं।
तंत्र-मंत्र, जमीन विवाद या रंजिश की जांच
बरामद साक्ष्यों के आधार पर पुलिस तंत्र-मंत्र, जमीन विवाद या पुरानी रंजिश जैसे विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि सभी संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



