
Balrampur: जंगल में पेड़ से लटका मिला नगर सैनिक का शव, फैली सनसनी
बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ नगर सेना में पदस्थ एक जवान ने आत्महत्या कर ली। राजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम परसापानी स्थित चटनियां पहाड़ के जंगल में गुरुवार को नगर सैनिक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। मृतक की पहचान मंगलसाय तिर्की (45 वर्ष) के रूप में हुई है।
ड्यूटी से चल रहे थे गैर-हाजिर
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलसाय तिर्की बलरामपुर नगर सेना लाइन में पदस्थ थे। बताया जा रहा है कि वे शराब की लत से गंभीर रूप से प्रभावित थे, जिसके कारण वे पिछले कुछ दिनों से ड्यूटी पर भी नहीं जा रहे थे। गुरुवार सुबह करीब 11:30 बजे वे घर से निकले थे, जिसके बाद वे वापस नहीं लौटे।

ग्रामीणों ने देखा महुआ के पेड़ पर शव
घर से लगभग 5 किलोमीटर दूर जंगल में ग्रामीणों ने एक महुआ के पेड़ पर उनका शव लटका हुआ देखा। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना परिजनों और राजपुर थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुँची पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाया और पंचनामा की कार्यवाही कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मानसिक तनाव और नशे को माना जा रहा कारण
प्रारंभिक जांच और परिजनों के बयानों के आधार पर पुलिस का मानना है कि मंगलसाय शराब की लत के कारण अत्यधिक मानसिक तनाव में थे। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या आत्महत्या के पीछे कोई अन्य विभागीय या पारिवारिक दबाव तो नहीं था। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



