
Balodabazar: अंधविश्वास का शिकार बनकर लाखों की ठगी, तीन आरोपी गिरफ्तार: पुलिस ने किया गिरोह का खुलासा
बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ में अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र के नाम पर लोगों को ठगने वाले एक गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। सोने-चांदी के आभूषणों का हंडा जमीन में गड़ा होने और विशेष पूजा-पाठ से निकालने का झांसा देकर 13 लाख 74 हजार रुपये नगद तथा लगभग एक तोला सोने के आभूषण ठगने वाले नाबालिग सहित तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
अक्टूबर 2025 में शुरू हुई ठगी की साजिश
यह मामला अक्टूबर 2025 का है। ग्राम खैरा (पाटन) निवासी प्रार्थी कमल साहू की मुलाकात लुटवा रोड पुलिया के पास बलौदाबाजार में “महालक्ष्मी दवाखाना आयुर्वेदिक कैंप” लगाने वाले आरोपियों से हुई। आरोपियों ने खुद को आयुर्वेदिक उपचारक बताते हुए विभिन्न शारीरिक बीमारियों के शक्तिशाली इलाज का दावा किया और प्रार्थी को अपने जाल में फंसा लिया।

खेत में गड़ा हंडा का झांसा देकर डराया
आरोपियों ने प्रार्थी को डराया और भ्रमित किया कि उनके खेत में सोने-चांदी के आभूषणों का हंडा गड़ा हुआ है। इसे केवल विशेष पूजा-पाठ और तंत्र-मंत्र के माध्यम से ही निकाला जा सकता है। अंधविश्वास का फायदा उठाकर उन्होंने प्रार्थी से पूजा-पाठ के नाम पर 13 लाख 74 हजार रुपये नगद और लगभग एक तोला सोने के आभूषण ऐंठ लिए।
पुलिस ने तीनों को किया काबू
प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने गहन जांच की। तकनीकी और मुखबिर सूचना के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। गिरफ्तार आरोपियों से ठगी का पैसा और सोने के आभूषण बरामद करने के प्रयास जारी हैं। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है और जांच आगे बढ़ा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



