
Balodabazar: गोवर्धन पूजा की रात युवक की पीट-पीटकर हत्या, चार गिरफ्तार
बलौदाबाजार। जिले के पलारी थाना क्षेत्र के जर्वे गांव में गोवर्धन पूजा की रात एक युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 22 वर्षीय कैलाश वर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। यह घटना पुरानी रंजिश का परिणाम बताई जा रही है।

पुरानी रंजिश में युवक की हत्या
जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर कैलाश वर्मा और आरोपियों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। यह विवाद शाम तक बढ़ गया। रात करीब 8 बजे आरोपी कामेश्वर साहू, जती साहू, अंशु साहू और बिहारी साहू अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ डंडे और रॉड लेकर गांव के चौराहे पर पहुंचे।
परिवार पर किया सामूहिक हमला
आरोपियों ने वहां मौजूद कैलाश, उसके पिता पुरुषोत्तम वर्मा (60) और भाई बुद्धि सागर वर्मा (25) पर अचानक हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने कैलाश को रस्सी से बांधकर बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पिता और भाई गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चार आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही पलारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं, हमले में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि यह हमला आपसी रंजिश और पुरानी दुश्मनी के चलते हुआ।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



