
Balodabazar में पिता-पुत्र गिरफ्तार, करीब 5 लाख की ठगी का आरोप
बलौदाबाजार। बलौदाबाजार जिले के पलारी थाना क्षेत्र में जादू-टोना और तंत्र-मंत्र के नाम पर लोगों से लाखों रुपए ठगने वाले पिता-पुत्र को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने अलग-अलग गांवों के लोगों से करीब पांच लाख रुपए की ठगी की।
गिरफ्तार आरोपी रायपुर जिले के खरोरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धौराभाठा के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
ये हैं आरोपी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीनदयाल जांगड़े (66 वर्ष) और उसके बेटे पुरुषोत्तम जांगड़े (35 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों पर लंबे समय से तंत्र-मंत्र के जरिए पैसा कई गुना करने का लालच देकर ठगी करने का आरोप है।
तीन लाख की ठगी का पहला मामला
पहला प्रकरण ग्राम बलौदी निवासी नोहर यादव से जुड़ा है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2022 में आरोपी उसके घर पहुंचे और जादू-मंत्र से पैसे दोगुने-तिगुने करने का दावा किया। उनके झांसे में आकर 18 अक्टूबर 2022 को तीन लाख रुपए नकद दे दिए गए।

लेकिन न तो रकम बढ़ी और न ही मूल राशि वापस मिली। लंबे समय तक प्रयास करने के बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
दूसरे मामले में दो लाख की ठगी
दूसरा मामला ग्राम रामपुर निवासी पराग कटियार से संबंधित है। शिकायत के अनुसार 2 नवंबर 2022 को आरोपियों ने उनसे भी तंत्र-मंत्र के नाम पर दो लाख रुपए ले लिए। जब पराग कटियार ने रकम वापस मांगी, तो आरोपियों ने कथित रूप से जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद पीड़ित ने भी पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
दोनों मामलों में पुलिस ने अलग-अलग अपराध पंजीबद्ध किए हैं। पहले प्रकरण में भारतीय दंड संहिता की धारा 420 और 34 के तहत मामला दर्ज किया गया, जबकि दूसरे मामले में धारा 420, 34 और 506 (आपराधिक धमकी) जोड़ी गई है।
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देश पर पलारी थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार किया।
अंधविश्वास के खिलाफ कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि तंत्र-मंत्र या जादू-टोना के नाम पर किसी भी प्रकार के प्रलोभन में न आएं और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



