March 8, 2026
Balodabazar: स्कूल के पास एयरगन फायरिंग: छात्रा घायल, दो आरोपी गिरफ्तार

Balodabazar: स्कूल के पास एयरगन फायरिंग: छात्रा घायल, दो आरोपी गिरफ्तार

Jan 25, 2026

बलौदाबाजार, 25 जनवरी 2026 – छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। करही चौकी क्षेत्र के ग्राम खैरा में खैरा हायर सेकेंडरी स्कूल के पास मंगलवार दोपहर एयरगन से फायरिंग की गई, जिसमें एक छात्रा के पैर में गोली का छर्रा लग गया। घायल छात्रा का तुरंत इलाज जिला चिकित्सालय बलौदाबाजार में किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत स्थिर और खतरे से बाहर बताई है। पुलिस ने मामले में तेज कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

विवाद की वजह बनी गुपचुप की कमी
घटना उस समय हुई जब स्कूल में सांस्कृतिक कार्यक्रम चल रहा था। दोपहर करीब 3:30 बजे कुछ छात्राएं स्कूल के पास स्थित गुपचुप के ठेले पर खाने गई थीं। ठेले पर पहले से अधिक बुकिंग होने के कारण गुपचुप खत्म हो चुका था। इसी बात पर ठेले पर मौजूद एक व्यक्ति और छात्राओं के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने एयरगन से फायर कर दिया। फायरिंग में निकला छर्रा पास खड़ी छात्रा अंजलि के पैर में लग गया।

गोली की आवाज सुनकर स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। छात्र-छात्राएं और शिक्षक घबरा उठे। आरोपी घटना के बाद मौके से फरार हो गया। स्कूल स्टाफ और शिक्षकों ने तुरंत घायल छात्रा को जिला चिकित्सालय पहुंचाया। वहां एक्स-रे के बाद पैर में फंसे छर्रे को सफलतापूर्वक निकाल दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार छात्रा अब खतरे से बाहर है।

पीड़िता ने बताई पूरी घटना
पीड़िता अंजलि ने बताया कि वह और उसकी सहेलियां गुपचुप खाने गई थीं। आरोपी वहां पहुंचा और ठेले वाले से गुपचुप पैक करने को कहा। जब विक्रेता ने खत्म होने की बात कही तो आरोपी गुस्से में चला गया। कुछ देर बाद वह वापस लौटा और छात्राओं की ओर फायर कर दिया। गोली अंजलि के पैर में लगी। आरोपी इसके बाद स्कूल की बाउंड्री फांदकर भाग गया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, एयरगन बरामद
पुलिस को सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। त्वरित कार्रवाई में मुरलीधर ध्रुव (25 वर्ष) और देवनाथ जायसवाल (29 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से एक एयरगन भी बरामद की गई है। पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। घटना के सभी पहलुओं का पता लगाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇

https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t


Walkie Talkie News की शुरुआत हमने इस सोच के साथ की कि आपको हर खबर मिले सबसे पहले, सबसे सटीक और बिना किसी लाग-लपेट के। डिजिटल दौर में जहाँ अफवाहें हवा से तेज़ फैलती हैं, वहाँ हमारा मकसद है—आप तक पहुँचे सिर्फ़ सच, वो भी रियल टाइम में। भिलाई-दुर्ग और आसपास की हर लोकल हलचल, हर अहम जानकारी अब आपकी उंगलियों की ज़द में है।
Editor: Saurabh Tiwari
Phone: 8839303956
Email: walkietalkiemynews@gmail.com
Office Address: Shop No. 25, Aakash Ganga, Supela, Bhilai, Durg, Chhattisgarh

© Copyright Walkie Talkie News 2025 | All Rights Reserved | Made in India by MediaFlix