
Balodabazar में झोलाछाप डॉक्टर के क्लिनिक में गर्भवती महिला की संदिग्ध मौत
इंजेक्शन के बाद बिगड़ी तबीयत, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम; क्लिनिक सील
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में सर्दी-खांसी का इलाज कराने गई एक गर्भवती महिला की झोलाछाप डॉक्टर के क्लिनिक में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना पलारी थाना क्षेत्र के छेरकादीह जारा गांव की है, जहां महिला इलाज के लिए पहुंची थी।
परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, क्लिनिक में इंजेक्शन लगाने के कुछ ही देर बाद महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसे उल्टियां होने लगीं और वह बेहोश हो गई। स्थिति गंभीर देख डॉक्टर ने उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलारी रेफर कर दिया। अस्पताल में जांच के दौरान चिकित्सकों ने बताया कि महिला की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी।

बिना पोस्टमार्टम अंतिम संस्कार, शिकायत नहीं
घटना के बाद परिजनों ने शव का बिना पोस्टमार्टम कराए ही अंतिम संस्कार कर दिया। मामले में किसी प्रकार की लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि इंजेक्शन के बाद ही महिला की हालत बिगड़ी थी, लेकिन क्लिनिक के भीतर मौजूद लोग खुलकर कुछ भी कहने को तैयार नहीं हैं।
संयुक्त टीम की कार्रवाई, अवैध दवाइयां और गांजा बरामद
मामले की जानकारी मिलते ही राजस्व, स्वास्थ्य और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए क्लिनिक को सील कर दिया। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में अवैध दवाइयां बरामद की गईं। साथ ही परिसर से गांजा मिलने की भी पुष्टि हुई है।
बताया जा रहा है कि आरोपी डॉक्टर पिछले करीब 20 वर्षों से बिना किसी वैध मेडिकल डिग्री के क्लिनिक संचालित कर रहा था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और बरामद सामग्री की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



