
Balodabazar: मेहता नगर में युवक की हत्या से सनसनी
शराब पिलाने को लेकर विवाद, आरोपी 8 घंटे में गिरफ्तार
बलौदाबाजार। जिले के भाटापारा शहर स्थित मेहता नगर बस्ती में सोमवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई गई। सूचना मिलते ही भाटापारा थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
गर्दन और सिर पर मिले गंभीर चोट के निशान
प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान सोनू गायकवाड़ निवासी ग्राम पेंडरी-भटभेरा, थाना सुहेला के रूप में हुई। बताया गया कि सोनू पिछले छह महीने से मेहता नगर में रहकर मजदूरी कर रहा था। पुलिस निरीक्षण में उसके गर्दन और सिर पर धारदार हथियार से किए गए कई वार के निशान मिले, जिसके आधार पर हत्या की पुष्टि की गई।

शराब को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देश पर मामले की त्वरित जांच शुरू की गई। पूछताछ के दौरान मेहता नगर निवासी 20 वर्षीय लक्की भारद्वाज पर संदेह गहराया। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपी ने बताया कि घटना वाले दिन शराब पिलाने को लेकर उसका सोनू से विवाद हो गया था। गुस्से में आकर उसने लोहे की टंगिया (कुल्हाड़ी) से सोनू के गर्दन और सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद वह खून से सना हथियार लेकर फरार हो गया और उसे टेउराम कॉलोनी के पीछे झाड़ियों में छिपा दिया।
हथियार बरामद, आरोपी न्यायालय में पेश
पुलिस ने मंगलवार 11 फरवरी को आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की टंगिया भी बरामद कर ली गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच अभी जारी है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



