
बलौदाबाजार: जिला अस्पताल परिसर में मारपीट, दो पक्ष भिड़े
जिला अस्पताल परिसर में एक बार फिर उपद्रवी तत्वों की हरकतों ने हड़कंप मचा दिया। रविवार रात करीब 9 बजे अस्पताल में दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। आपसी विवाद में हाथापाई शुरु हो गई, जिससे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने के बाद अस्पताल के सुरक्षा कर्मी और पुलिस मौके पर पहुंच गई। मारपीट की इस घटना से मरीजों और परिजनों के बीच दहशत फैल गई, वहीं अन्य कर्मचारी और नर्सिंग स्टाफ भी परिसर छोड़कर चले गए।

जानकारी के मुताबिक घटना अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड के पास हुई। ड्यूटी डॉक्टर और स्टाफ ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया और जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि विवाद मरीज के इलाज को लेकर हुआ था जिसने बाद में तूल पकड़ लिया।
इस घटना को लेकर अस्पताल प्रबंधन ने सख्त रुख अपनाया है। अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस से परिसर में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा ना हों। मामले की जांच जारी है और पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए हैं।

अस्पताल प्रबंधन और स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस को रात के समय गश्त बढ़ानी चाहिए और आवश्यक कदम उठाने चाहिए। आए दिन ऐसी घटनाओं से अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



