
Balodabazar: प्राचार्य, लिपिक सहित 12 शिक्षकों को नोटिस जारी, जिला शिक्षा अधिकारी ने स्कूलों में दी दबिश
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में स्कूलों में अनुशासनहीनता और लापरवाही के खिलाफ जिला शिक्षा विभाग ने सख्त कदम उठाया है। जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) डॉ. संजय गुहे ने शनिवार को ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (बीईओ) राजेंद्र टंडन के साथ कई स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अनुपस्थित और कर्तव्य में लापरवाही बरतने वाले प्राचार्य, लिपिक और शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। कुल 12 कर्मचारियों को नोटिस जारी कर दो दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है।

औचक निरीक्षण में सामने आई लापरवाही
जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. संजय गुहे ने बलौदाबाजार के विभिन्न स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई स्कूलों में प्राचार्य, शिक्षक और लिपिक अनुपस्थित पाए गए। जो शिक्षक उपस्थित थे, उनमें से कुछ अपने कर्तव्यों के प्रति लापरवाही बरतते हुए मिले। निरीक्षण के दौरान स्कूलों में अनुशासन और शैक्षणिक गतिविधियों की स्थिति भी असंतोषजनक पाई गई, जिसके बाद डीईओ ने सख्त रुख अपनाया।
2 प्राचार्य, 7 व्याख्याता और 3 लिपिकों को नोटिस
निरीक्षण के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने कर्तव्य में लापरवाही और अनुपस्थिति के लिए 2 प्राचार्य, 7 व्याख्याता और 3 लिपिकों को नोटिस जारी किया है। इन सभी को दो दिनों के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। डीईओ ने चेतावनी दी है कि स्पष्टीकरण संतोषजनक न होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



