
Baloda bazar : ट्रक–ट्रैक्टर भिड़ंत में बड़ा हादसा
बलौदाबाजार जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। धान बेचने मंडी जा रहे किसानों के ट्रैक्टर को पीछे से आ रहे एक ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में तीन किसान गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

टक्कर इतनी तेज कि सड़क पर बिखर गया धान
हादसा बलौदाबाजार के फरफौंदी मंडी मोड़ के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, ग्राम भवानीपुर स्थित खरीदी केंद्र की ओर किसान ट्रैक्टर में धान लेकर जा रहे थे। इसी दौरान आरंग की ओर से आ रहे कोयला लदे ट्रक ने खड़े ट्रैक्टर को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर पर लदा सारा धान सड़क पर बिखर गया।
तीन किसान गंभीर रूप से घायल
इस हादसे में ग्राम तमोरी निवासी गुलाब देवदास, भरुवाडीह के खेमलाल साहू और केशला गांव के भागवत साहू गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एम्बुलेंस की मदद से घायलों को पहले पलारी अस्पताल पहुंचाया।

निजी अस्पताल में चल रहा इलाज
पलारी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद तीनों किसानों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बलौदाबाजार के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस जांच में जुटी, ट्रक चालक पर होगी कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ट्रक चालक की लापरवाही सामने आ रही है। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू करने की बात कही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



