
Baloda bazar प्लांट हादसा : एश पाइपलाइन लीकेज से जिंदा जले 6 मजदूर, कंपनी ने किया मुआवजे का ऐलान
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के बुकलाही क्षेत्र में स्थित स्पंज आयरन प्लांट में गुरुवार सुबह भीषण औद्योगिक हादसा हो गया। प्लांट की कोल भट्टी में ब्लास्ट के बाद गर्म राख (एश) मजदूरों पर गिर गई, जिससे 6 मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 5 अन्य गंभीर रूप से झुलस गए।

एश पाइपलाइन में लीकेज से हुआ हादसा
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि डस्ट सेटलिंग चैंबर से गर्म राख ले जाने वाली पाइपलाइन में लीकेज हो गया था। सुबह करीब 9:40 बजे अचानक हुए ब्लास्ट के दौरान अत्यधिक गर्म मलबा नीचे काम कर रहे मजदूरों पर गिर पड़ा। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया।

6 मजदूरों की मौत, 5 गंभीर
एसपी भावना गुप्ता ने बताया कि इस हादसे में कुल 11 मजदूरों को रेस्क्यू किया गया, जिनमें से 6 की मौत बर्न इंजरी के कारण हो गई। सभी मृतक मजदूर बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं। घायलों को बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर के बर्न ट्रीटमेंट सेंटर रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
कंपनी ने किया मुआवजे का ऐलान
प्लांट प्रबंधन ने हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों के परिजनों को 20 लाख रुपए और गंभीर रूप से घायल मजदूरों को 5 लाख रुपए मुआवजा देने की घोषणा की है। कंपनी ने कहा है कि सरकारी नियमों के तहत सभी पीड़ितों को पूरा मुआवजा दिया जाएगा।
कांग्रेस बनाएगी जांच कमेटी
इस हादसे को लेकर कांग्रेस ने गंभीर रुख अपनाते हुए मामले की जांच के लिए 7 सदस्यीय कमेटी के गठन की घोषणा की है। पार्टी ने औद्योगिक सुरक्षा मानकों की अनदेखी को हादसे का कारण बताया है।

प्लांट सील, प्रबंधन से पूछताछ
हादसे की सूचना मिलते ही कलेक्टर दीपक सोनी और पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता मौके पर पहुंचे। जिला प्रशासन ने रियल स्टील प्लांट को सील कर दिया है। प्लांट प्रबंधन से पूछताछ जारी है। फैक्ट्री का मालिक नितेश अग्रवाल बताया जा रहा है। श्रम विभाग की टीम भी मौके पर पहुंचकर नियमों के उल्लंघन की जांच कर रही है।
50 से ज्यादा मजदूर थे ड्यूटी पर
पुलिस के अनुसार, हादसे के समय सुबह की शिफ्ट में प्लांट में 50 से अधिक मजदूर काम कर रहे थे। सभी मजदूरों का एक-एक कर सत्यापन किया जा रहा है। आधार कार्ड के जरिए मृत मजदूरों की पहचान कर ली गई है।
प्लांट मालिक का बयान
प्लांट मालिक नितेश अग्रवाल ने बताया कि रोजाना की तरह हाउसकीपिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान डीएससी में डस्ट मटेरियल गिरा, जो अत्यधिक गर्म था। यह मटेरियल नीचे काम कर रहे मजदूरों पर गिर गया, जिससे हादसा हो गया।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



