
Baloda Bazar : निजी तस्वीरें सोशल मीडिया पर डालने का मामला, आरोपी गिरफ्तार
बलौदाबाजार। जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा युवती की निजी तस्वीरें सोशल मीडिया पर सार्वजनिक करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

इंस्टाग्राम पर की निजी तस्वीरें वायरल
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान सिविल लाइन निवासी निखिल ठाकुर (29 वर्ष) के रूप में हुई है। पीड़िता ने 6 फरवरी 2026 को सिटी कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपी ने इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी निजी तस्वीरें सार्वजनिक कर दीं, जिससे उसकी पारिवारिक और सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचा।
मना करने पर दी जान से मारने की धमकी
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि जब उसने आरोपी को तस्वीरें हटाने के लिए मना किया, तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। इसके बावजूद आरोपी लगातार तस्वीरें अपलोड करता रहा, जिससे उसे मानसिक तनाव और सार्वजनिक बदनामी का सामना करना पड़ा।
पूछताछ में आरोपी ने किया अपराध स्वीकार
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान आरोपी निखिल ठाकुर ने युवती को बदनाम करने के इरादे से तस्वीरें सोशल मीडिया पर डालने की बात स्वीकार की।

आरोपी न्यायिक प्रक्रिया में
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर हिरासत में ले लिया है। उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले में आईटी एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



