
Baloda Bazar : गाली देने से मना करने पर युवक की हत्या, 7 आरोपी गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के बालोदाबाजार जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां गाली-गलौज का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और चाकू से गोदकर युवक की निर्मम हत्या कर दी गई।

गाली-गलौज का विरोध बना हत्या की वजह
जानकारी के अनुसार, मृतक युवक परशेवर यादव ग्राम सेमरिया का निवासी था। वह रात अपने दोस्तों के साथ गांव में आयोजित एक कार्यक्रम से लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में कुछ युवक गाली-गलौज कर रहे थे। जब परशेवर और उसके साथियों ने इसका विरोध किया तो आरोपी भड़क गए।
“तुम कौन होते हो मना करने वाले” कहकर किया हमला
विरोध से नाराज आरोपियों ने “तुम कौन होते हो मना करने वाले” कहते हुए परशेवर यादव पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को बचाने की कोशिश की गई, लेकिन अधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

तीन नाबालिग सहित सात आरोपी गिरफ्तार
घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मामले में तीन नाबालिग समेत कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है।
माटापारा थाना क्षेत्र का मामला
यह पूरा मामला माटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



