
Balod में वारदात: धमतरी के युवक की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या, आरोपी हिरासत में
बालोद जिले के पुरुर थाना क्षेत्र के चिटौद गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां अज्ञात कारणों से धमतरी जिले के ग्राम माडमसिल्ली निवासी युवक भागवत मरकाम (उम्र लगभग 26 वर्ष) की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और गांव में दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, बीती रात पुलिस को सूचना मिली कि चिटौद गांव के बंसत किराना स्टोर के पास एक युवक खून से लथपथ हालत में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुरुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल युवक को 108 एंबुलेंस की मदद से धमतरी जिला अस्पताल भेजा गया। लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस जांच में मृतक की पहचान ग्राम माडमसिल्ली, थाना केरेगांव निवासी भागवत मरकाम के रूप में हुई। प्राथमिक जांच में सामने आया कि युवक को धारदार हथियार से कई बार वार कर बुरी तरह घायल किया गया था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए ग्राम चिटौद के निवासी मनीष सिन्हा को हत्या के आरोप में हिरासत में ले लिया है। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है, ताकि इस जघन्य अपराध के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके।
भागवत मरकाम का शव पोस्टमार्टम के लिए धमतरी जिला अस्पताल के मर्चुरी में रखा गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के बाद इस हत्याकांड की पूरी सच्चाई सामने आ जाएगी। फिलहाल गांव में पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है ताकि कोई अप्रिय घटना ना हो।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



